बैरसिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडिंग वाहन की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत

बैरसिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडिंग वाहन की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत
भोपाल, यश भारत। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर नर्मदा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई सीधी भिड़ंत में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोडिंग वाहन में सवार सभी लोग विदिशा जिले के सिरोंज के रहने वाले थे। यह सभी श्रद्धालु मकर संक्रांति मनाने और नर्मदा स्नान के लिए होशंगाबाद (नर्मदापुरम) की ओर जा रहे थे। सुबह जब उनका वाहन बैरसिया के विद्या विहार स्कूल के पास पहुँचा, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
मौके पर मची चीख-पुकार हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। लोडिंग वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बैरसिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।







