भोपाल सहित प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, 16 अप्रैल से लू चलने की चेतावनी – आंधी-बारिश थमते ही तापमान में उछाल, कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार

भोपाल सहित प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, 16 अप्रैल से लू चलने की चेतावनी
– आंधी-बारिश थमते ही तापमान में उछाल, कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार
भोपाल, यश भारत । आंधी और हल्की बारिश का दौर खत्म होते ही मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेजी से तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को तीखी धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने वाली है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 16 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव यानी लू का असर शुरू हो सकता है।
कई शहरों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा
दमोह, रीवा और टीकमगढ़ में तापमान करीब 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि खरगोन, रायसेन, छिंदवाड़ा, सतना और उमरिया में भी पारा 39 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
मालवा-निमाड़ क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र, खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। यहां दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
15 अप्रैल से नया सिस्टम, पर गर्मी बरकरार
मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल के आसपास एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन इसके कमजोर रहने के कारण तापमान में कोई खास गिरावट आने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में प्रदेश में फिलहाल गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।
लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
गर्मी बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय तेज धूप में लंबे समय तक बाहर रहने से बचें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







