भोपालमध्य प्रदेश

स्मार्ट सिटी के प्रियंका नगर में गंदगी का अंबार, पार्षद प्रतिनिधि बोले- जानकारी नहीं

स्मार्ट सिटी के प्रियंका नगर में गंदगी का अंबार, पार्षद प्रतिनिधि बोले- जानकारी नहीं

भोपाल, यशभारत। राजधानी को स्वच्छता में अव्वल बनाने के दावों के बीच नगर निगम के वार्ड क्रमांक 84 के अंतर्गत आने वाले प्रियंका नगर से एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। इस समय पूरा क्षेत्र गंदगी की आगोश में है। हर गली-मोहल्ले में कचरे के ऊंचे ढेर और नालियों से निकाला गया मलबे को सड़कों पर ही छोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय रहवासियों का जीना मुहाल हो गया है।

नालियों और घरों से निकलने वाली गंदगी को जगह-जगह इकट्ठा कर छोड़ दिया गया है। बारिश या तेज धूप में इस मलबे से उठने वाली बदबू के कारण लोगों का घरों में बैठना तक दूभर हो चुका है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वे इस संबंध में कई बार नगर निगम के अधिकारियों और स्थानीय नेताओं को लिखित और मौखिक शिकायत दे चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर मूकदर्शक बने बैठे हैं।

जब इस बदहाली को लेकर वार्ड 84 की पार्षद के पति और प्रतिनिधि वीरेंद्र मारन से बात की गई, तो उनका कहना है कि हम वार्ड में लगातार विकास और सफाई के काम करवा रहे हैं। उन्होंने अजीबोगरीब बयान देते हुए कहा कि आपने जो गंदगी की समस्या बताई है, उसके बारे में मुझे फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। मैं जल्द ही मामले की जानकारी लेकर इस समस्या का समाधान करवा दूंगा। अब देखना यह होगा कि जल्द समाधान का यह आश्वासन जमीनी रूप लेता है या प्रियंका नगर के बाशिंदों को यूं ही गंदगी और बदबू के बीच रहने पर मजबूर होना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button