हमीदिया अस्पताल फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी शादाब गेट जलगांव से गिरफ्तार

हमीदिया अस्पताल फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी शादाब गेट जलगांव से गिरफ्तार
सवा घंटे तक तीन इलाकों में फैलाई थी दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसकर फायरिंग करने वाले शातिर बदमाश शादाब कुरैशी उर्फ ‘गेट’ को पुलिस ने महाराष्ट्र के जलगांव से गिरफ्तार कर लिया है। भोपाल पुलिस ने शादाब पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जलगांव पुलिस ने उसे अवैध पिस्टल के साथ दबोचा है, जिसे अब भोपाल पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।
सवा घंटे में तीन जगह फायरिंग, पुलिस बेबस
वारदात की शुरुआत अशोक गार्डन इलाके से हुई थी, जहां बदमाशों ने लालू रईस के बेटे को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। घायल को लेकर परिजन जब हमीदिया अस्पताल पहुंचे, तो इन बेखौफ बदमाशों ने वहां के इमरजेंसी वार्ड में घुसकर दोबारा फायरिंग कर दी। हैरानी की बात यह है कि हमलावर चार थाना क्षेत्रों से गुजरते रहे, तीन जगहों पर फायरिंग की, लेकिन पुलिस उन्हें समय रहते रोक नहीं पाई।
जांच में खुली पोल: निहत्थे थे तैनात पुलिसकर्मी
हमीदिया अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर फायरिंग ने सुरक्षा के दावों की हवा निकाल दी है। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदात के वक्त अस्पताल में तैनात तीनों पुलिसकर्मियों के पास कोई हथियार नहीं था। निहत्थे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। इस गंभीर लापरवाही पर पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है और संबंधित पुलिसकर्मियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
इनका कहना है….
आरोपी शादाब को जलगांव से भोपाल लाया जा रहा है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों और उन्हें पनाह देने वाले मददगारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।”
संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर, भोपाल






