भोपालमध्य प्रदेश

चाकू अड़ाकर वसूली करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार

चाकू अड़ाकर वसूली करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार

16 संगीन अपराधों में शामिल शातिर बदमाश ‘नोमान लाला’ पुलिस की गिरफ्त में, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

भोपाल, यशभारत। राजधानी में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चाकूबाजी कर अड़ीबाजी (रुपयों की मांग) करने वाले एक शातिर बदमाश को वारदात के महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी थाना क्षेत्र का लिस्टेड बदमाश है, जिस पर चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के 16 मामले दर्ज हैं।

पैसे नहीं देने पर युवक की जांघ में घोंपा चाकू
पुलिस के अनुसार, फरियादी मोहम्मद शारिक निवासी इंद्रा नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 दिसंबर की रात करीब 12:30 बजे सलीम चौक पर आरोपी नोमान ने उसे रोका। नोमान ने शराब पीने के लिए शारिक से 500 रुपये मांगे। जब शारिक ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से उसकी जांघ पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

काजी कैंप से घेराबंदी कर दबोचा
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी और डीसीपी जोन-3 अभिनव चौकसे के निर्देश पर थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नोमान वसीम चाय वाले की दुकान (काजी कैंप) के पास छिपा है। पुलिस ने मौके पर दबिश दी और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी नोमान खान उर्फ तंजिल उर्फ लाला (24 वर्ष) को घेराबंदी कर दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे ग्राउंड में सीमेंट के पत्थर के पास छिपाकर रखा गया चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button