जबलपुरमध्य प्रदेश

पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलाई में दादा की हत्या करने वाला फरार पोता गिरफ्तार

पारिवारिक विवाद में दिया था वारदात को अंजाम

जबलपुर,यशभारत। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलाई में रक्षाबंधन के दिन पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद पोते ने अपने 65 वर्षीय दादा प्यारे लाल चौधरी के साथ मारपीट कर दी। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी पोते अभिषेक चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान अभिषेक चौधरी ने अपने दादा प्यारे लाल के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटक दिया। बुजुर्ग को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस से बचने के लिए अभिषेक लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। बताया जा रहा है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय से अग्रिम जमानत लेने की कोशिश में भी जुटा था।

इधर, पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभिषेक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

परिवार के भीतर हुए इस खूनी विवाद से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस अब विवाद की मूल वजह, घटनाक्रम और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button