भोपालमध्य प्रदेश

जीएमसी की नई कार्यकारिणी अध्यक्ष डॉ. सलोनी सिडाना ने ली व्यवस्थाओं की समीक्षा

जीएमसी की नई कार्यकारिणी अध्यक्ष डॉ. सलोनी सिडाना ने ली व्यवस्थाओं की समीक्षा

भोपाल यश भारत। गांधी मेडिकल कॉलेज जीएमसी की नवनियुक्त कार्यकारिणी समिति की अध्यक्ष एवं आईएएस अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत अधिष्ठाता डॉ. कविता एन. सिंह ने डॉ. सिडाना का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत करते हुए की। बैठक में डॉ. सलोनी सिडाना ने उपस्थित सभी सदस्यों और विभागाध्यक्षों से परिचय प्राप्त किया तथा उनसे विभागीय गतिविधियों उपलब्धियों और प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। कॉलेज की विभिन्न शाखाओं के नोडल अधिकारियों के साथ भी उन्होंने प्रबंधन संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हमीदिया अस्पताल और गांधी मेडिकल कॉलेज की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी अधिष्ठाता डॉ. कविता एन. सिंह एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन से प्राप्त की। अध्ययन एवं अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों में विशेष रुचि दिखाते हुए उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और शोध कार्यों को और बेहतर बनाने पर जोर दिया । अस्पताल और कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीआईयू और पीडब्ल्यूडी के प्रतिनिधियों से चर्चा की। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम की प्रबंध संचालक होने के नाते डॉ. सिडाना ने नवजात शिशु रोग सुपरस्पेशलिटी सेवाओं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा टीबी नियंत्रण कार्यक्रमों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान किडनी प्रत्यारोपण से जुड़ी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी प्रारंभ कराई गई। वहीं रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष से चर्चा के बाद कैंसर उपचार के लिए आवश्यक लिनेक मशीन की खरीद से संबंधित समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया गया। बैठक के अंत में डॉ. सलोनी सिडाना ने अस्पताल और कॉलेज से जुड़े सभी विकास एवं प्रशासनिक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में आवश्यक सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button