भोपालमध्य प्रदेश

रेलवन ऐप से जनरल टिकट बुक करने पर मिलेगी 3% छूट, जानिए कब तक मिलेगा लाभ

रेलवन ऐप से जनरल टिकट बुक करने पर मिलेगी 3% छूट, जानिए कब तक मिलेगा लाभ

भोपाल, यशभारत। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, सरल और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किए गए रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को आगामी 14 जुलाई तक 3 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। रेलवे द्वारा शुरू की गई यह विशेष प्रोत्साहन योजना 14 जनवरी से छह महीने की अवधि के लिए लागू की गई थी, जो अब अपने अंतिम चरण में है। रेलवन ऐप रेल यात्रा से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग काम के लिए अलग-अलग ऐप का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेलवे के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना तथा डिजिटल टिकटिंग को अधिक से अधिक बढ़ावा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस 3 प्रतिशत छूट का लाभ केवल रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर ही मिलेगा। यह विशेष सुविधा किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अथवा वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। छूट का लाभ प्राप्त करने के लिए यात्रियों को रेलवन ऐप से जनरल टिकट बुक कर उसका भुगतान यूपीआई, क्रेडिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से करना होगा।

इस पहल के फायदों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि इससे रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों और भीड़ में कमी आएगी। साथ ही यात्रियों के समय की बचत होगी और नकद लेन-देन में भी कमी आएगी। इस डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगी।

रेलवन ऐप की एक और प्रमुख विशेषता इसका सिंगल साइन-ऑन सिस्टम है। जो यात्री पहले से रेलवे के रेलकनेक्ट या यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप का उपयोग कर रहे हैं, वे अपनी उसी पुरानी यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके रेलवन ऐप में सीधे लॉगिन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अलग से नया पंजीकरण कराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

यह ऐप एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर मुफ्त में उपलब्ध है। ऐप में एक बार लॉगिन करने के बाद यात्री आरक्षित व अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, लाइव ट्रेन स्टेटस, पीएनआर व आरक्षण विवरण, टिकट कैंसिलेशन व रिफंड, ट्रेन में सीट पर भोजन ऑर्डर करने तथा रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने जैसी अनेक सुविधाओं का लाभ एक ही जगह उठा सकते हैं। देशभर के यात्रियों की सुविधा के लिए यह ऐप कई भारतीय भाषाओं को भी सपोर्ट करता है। भोपाल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ऐप को डाउनलोड कर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button