इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो 2026 का शुभारंभ, उद्योगों और निवेश के नए अवसरों का बनेगा मंच: कृष्णा गौर
Launch of Industrial Engineering Expo 2026, To serve as a platform for industries and new investment opportunities: Krishna Gaur

इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो 2026 का शुभारंभ,
उद्योगों और निवेश के नए अवसरों का बनेगा मंच: कृष्णा गौर
भोपाल यश भारत। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि इंडस्ट्रियल एक्सपो केवल मशीनों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं बल्कि ये उद्योगों नवाचार कौशल विकास और निवेश के नए अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों की तकनीकी प्रगति मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने का कार्य कर रही है। शुक्रवार को गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो 2026 का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री गौर ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में निर्मित मशीनों की गुणवत्ता तकनीकी दक्षता और औद्योगिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के उद्योग नई तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत कर रहे हैं। प्रदर्शनी में ऑटोमेशन प्रिसिजन इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रियल उपकरण तथा अत्याधुनिक मशीनरी से जुड़े प्रतिष्ठित उद्योगों ने अपनी नवीनतम तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन किया। एक्सपो में उद्योग जगत से जुड़े उद्यमियों तकनीकी विशेषज्ञों और निवेशकों ने भी भाग लेकर आधुनिक औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौड़ तथा फ्यूचर कम्युनिकेशन के लक्ष्मण दुबे सहित उद्योग जगत से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एक्सपो का आयोजन फ्यूचर कम्युनिकेशन और गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।







