नर्मदा घाट पर मिला शव: हत्या या हादसा? PM रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस

मंडला ।जिले में नर्मदा नदी के नाव घाट पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव तेज है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम नाव घाट पर नदी में शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद कोतवाली पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला गया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कोतवाली पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव तेज है। प्रशासन ने लोगों से नदी और घाटों के किनारे जाने से बचने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।







