जबलपुरमध्य प्रदेश

31 पेटी अंग्रेजी और 316 पाव देशी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

फॉर्च्यूनर कार और मोबाइल भी जब्त, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

जबलपुर, यशभारत। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलवारा और गोरखपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 288 बोतल, 336 पाव अंग्रेजी शराब, 316 पाव देशी शराब, एक फॉर्च्यूनर कार और मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन एवं सीएसपी गोरखपुर एम.डी. नागौतिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

तिलवारा में फॉर्च्यूनर से पकड़ी गई 31 पेटी शराब

थाना तिलवारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी की ओर से एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में भारी मात्रा में शराब लाई जा रही है। पुलिस ने तिलवारा पुल के पास रमनगरा मोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक कार लेकर भागने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।

आरोपी की पहचान गढ़ा निवासी 23 वर्षीय निखिल पाण्डे के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर 31 पेटियों में विभिन्न ब्रांड की 288 बोतल और 336 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 3.07 लाख रुपये, फॉर्च्यूनर कार की कीमत लगभग 22 लाख रुपये तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गोरखपुर में झाड़ियों से 316 पाव देशी शराब बरामद

वहीं गोरखपुर थाना की रामपुर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंडवा क्षेत्र स्थित शासकीय अस्पताल के पास पहाड़ी की झाड़ियों में दबिश दी। पुलिस को देखकर भाग रहे 20 वर्षीय हर्ष गोटिया को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से दो बोरियों में छिपाकर रखे गए 316 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में हर्ष गोटिया ने बताया कि वह राहुल काला के कहने पर पिछले एक सप्ताह से शराब बेच रहा था और इसके बदले उसे प्रतिदिन 300 रुपये मिलते थे। पुलिस ने हर्ष गोटिया और राहुल काला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button