बिजली कंपनी के तीन कर्मचारियों पर एफआईआर, अवैध मीटर लगाने का आरोप
बिना स्वीकृति और राशि जमा कराए लगाए जा रहे थे कनेक्शन, एक लाइनमैन व जेई निलंबित

जबलपुर,यशभारत। बिजली कंपनी ने अनाधिकृत रूप से नए बिजली मीटर लगाने और विभाग को राजस्व नुकसान पहुंचाने के मामले में अपने ही तीन आउटसोर्स कर्मचारियों के खिलाफ रांझी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि कर्मचारी बिना विभाग में नए कनेक्शन की राशि जमा कराए और स्वीकृति लिए बिना कार्यालय से मीटर निकालकर उपभोक्ताओं के यहां लगा रहे थे।
बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता (शहर वृत्त) संजय अरोरा ने बताया कि पूर्व में मीटर से छेड़छाड़ और टेम्पर्ड मीटर बदलने के मामलों में बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद पूरे मामले की गहन जांच कराई गई। जांच में रांझी जोन के तीन आउटसोर्स कर्मचारी राहुल पटेल, अमर लोधी और दीपक अहिरवार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उन्हें करीब पखवाड़े पहले सेवा से हटा दिया गया और अब उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मामले में विभाग ने 17 मीटर रीडरों का अन्य जोनों में तबादला कर दिया है। वहीं लाइन कर्मचारी भगवान सिंह और कनिष्ठ अभियंता संजीत यादव को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद अन्य दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने कहा कि विभाग को राजस्व हानि पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह विभाग का कर्मचारी ही क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। कंपनी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







