
भीलवाड़ा,एजेंसी। भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र स्थित आलोली गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला सहित चार लोगों की संदिग्ध तरल पदार्थ पीने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों ने बर्तन साफ करने वाला लिक्विड शराब समझकर सेवन कर लिया था।
जानकारी के अनुसार मृतक तीन दिन पहले एक शादी समारोह में बर्तन साफ करने का ठेका लेकर काम कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद वे बर्तन धोने में उपयोग होने वाला तरल पदार्थ अपने साथ घर ले आए। घर पहुंचकर उसे शराब समझकर पी लिया, जिससे कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ गई।
देर रात तीन लोगों को गंगापुर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत में एक महिला को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीन शव गंगापुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं, जबकि एक का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।







