भोपाल जिला कोर्ट में पूर्व सांसद के बेटे को जज के सामने साले ने जड़ा थप्पड़

भोपाल जिला कोर्ट में पूर्व सांसद के बेटे को जज के सामने साले ने जड़ा थप्पड़
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जिला एवं सत्र न्यायालय (फैमिली कोर्ट) में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीजेपी के पूर्व सांसद आलोक संजर के बेटे और अधिवक्ता अनंत संजर को उनके ही सगे साले ने जज के सामने थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में वकीलों ने भारी हंगामा किया, जिसके चलते पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
काउंसलिंग के दौरान भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद के बेटे अनंत संजर का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी सिलसिले में दोनों पक्ष काउंसलिंग के लिए फैमिली कोर्ट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुनवाई के दौरान ही अनंत के साले विद्युत भटनागर और उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि विद्युत ने जज की मौजूदगी में ही अनंत को चांटा जड़ दिया और उनके कपड़े खींचकर मारपीट की कोशिश की।
वकालत बंद करा दूंगा की दी धमकी
पीड़ित अधिवक्ता अनंत संजर ने आरोप लगाया कि विद्युत ने न केवल उन पर हाथ उठाया, बल्कि उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और वकालत बंद करवाने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद कोर्ट रूम में सन्नाटा पसर गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
वकीलों का फूटा गुस्सा, पुलिस ने आरोपी को कमरे में किया बंद
जैसे ही यह खबर कोर्ट परिसर में फैली, बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी वकील के समर्थन में फैमिली कोर्ट के बाहर जमा हो गए। वकीलों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी विद्युत भटनागर को भीड़ से बचाने के लिए कोर्ट रूम के अंदर ही बंद कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
अधिवक्ता संघ ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। वकीलों का कहना है कि न्यायालय के भीतर इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी और बार एसोसिएशन इस पर कड़ा रुख अपनाने की तैयारी में है।







