Delhiमध्य प्रदेश

पचमढ़ी के जटाशंकर मार्ग की पहाड़ी पर लगी आग स्थानीय लोग खुद बुझाने में जुटे, फायर ब्रिगेड का इंतजार

पचमढ़ी यश भारत। सतपुड़ा की वादियों में बसे पचमढ़ी में  मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जटाशंकर मार्ग स्थित पहाड़ी पर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पहाड़ी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय निवासी राम सिंह संतौरे ने बताया कि जब वह बाजार से लौटे, तब उन्हें पहाड़ी की ओर से धुआं उठता दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो पहाड़ी पर आग लगी हुई थी और आग लगातार आगे बढ़ रही थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार के जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन आग जिस तेजी से फैल रही है, उससे खतरा बढ़ता जा रहा है।

मोहल्ले के लोग खुद संभाल रहे मोर्चा

आग लगने की सूचना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय नागरिक बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश करते नजर आए।

फायर ब्रिगेड का इंतजार

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मौके पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची थी। लोगों को डर है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास की हरियाली और जंगल क्षेत्र को भारी नुकसान हो सकता है।

गर्मी और सूखे मौसम से बढ़ रहा खतरा

पचमढ़ी क्षेत्र में लगातार बढ़ती गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण पहाड़ियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में प्रशासन और वन विभाग की सतर्कता पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आग पर जल्द नियंत्रण पाने के लिए तत्काल राहत दल भेजा जाए, ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button