जिला पंचायत के अधिकारियों का कारनामा: 22 हजार की चाइना मेड मशीन की दो लाख 12 हजार रुपये में करा दी खरीदी

जबलपुर यशभारत।
जबलपुर जिला पंचायत के अंतर्गत कुंडम में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें जिला पंचायत में बैठे संबंधित अधिकारियों जमकर भ्रष्टाचार किया गया। कुंडम जनपद के अंतर्गत तिलसनी ग्राम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं
कोदी-कुटकी के बिस्किट बनाने के लिए महिलाओं को लोन दिलाया गया और 22 हजार की चाइना मेड मशीन दो लाख 12 हजार रुपये में दिलाई गई। इस पूरे मामला उस समय प्रकाश में आया जब स्व सहायता समूह महिलाओं के द्वारा कलेक्टर को इसकी शिकायत की गई।

इसके साथ ही जो मशीन स्वास्थ्य सहायता समूह को दी गई वह चंद दिनों में खराब हो गई। जिला पंचायत में बैठे अधिकारियों द्वारा स्व सहायता समूह के साथ भारी धोखाधड़ी की गई है।महिलाओं की शिकायत के बाद कलेक्टर के इस पूरे मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक स्वसहायता समूह को जो मशीनें उन्हें दी गईं, वे सारी चाइना मेड निकलीं और उसकी बाजार कीमत करीब 22 हजार रुपये है, लेकिन इन मशीनों में चस्पा किए गए दाम और बिल में प्रति मशीन करीब दो लाख 12 हजार रुपये है। जानकारी के अनुसार यह पूरा खेल जिला पंचायत में बैठे कुछ अधिकारियों की सांठगांठ से खेला गया है। इस पूरे मामले में जिला पंचायत सीईओ मनोज सिंह को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए थे। जानकारी के अनुसार प्रोजेक्ट में दिए गए मशीन के मापदंड के मुताबिक मशीन नहीं पाई गईं। बाजार मूल्य भी कम पाया गया। इतना ही नहीं खुद के वेंडर ले जाकर महिलाओं को जबरन मशीन दिलवाई गई।मशीनों पर लगे स्टीकर हटाए गए तो मेड इन चाइना लिखा दिखा साथ ही एक नंबर मिला जिससे पूछताछ पर कंपनी के प्रतिनिधि ने मशीन की वास्तविक कीमत बतायी।







