देर रात शराब परोसने व अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की छापेमारी

देर रात शराब परोसने व अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की छापेमारी
भोपाल, यश भारत। भोपाल जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और अवैध मदिरापान पर सख्त अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान के तहत देर रात होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर विभाग की विभिन्न टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध मदिरा जब्त की और संबंधित मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए।
सुखीसेवनिया क्षेत्र के मुगलिया कोट में आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए डाली बंजारा (28) के पास से एक लीटर हाथभट्टी मदिरा और 15 लीटर लहान जब्त किया। इसके अलावा एक अन्य अज्ञात मामले में 100 लीटर लहान बरामद किया गया। दोनों प्रकरणों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
उधर पिपलानी क्षेत्र के इंद्रपुरी स्थित क्लाउड-11 में संतोष बांगड़े की टीम ने दबिश देकर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 36ए/बी के तहत प्रकरण दर्ज किए। वहीं एमपी नगर स्थित लैटिट्यूड रेस्टोरेंट में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश खरे की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6.4 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की।
अभियान में जिला आबकारी विभाग के सहायक अधिकारियों, उपनिरीक्षकों और कार्यपालिक बल के सदस्य शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि देर रात तक अवैध रूप से मदिरापान कराने वाले होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब और अवैध मदिरापान के विरुद्ध गश्त, निगरानी व दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







