संडे ऑन साइकिल में उमड़ा उत्साह, हजारों लोगों ने दिया फिटनेस का संदेश

संडे ऑन साइकिल में उमड़ा उत्साह, हजारों लोगों ने दिया फिटनेस का संदेश
भोपाल, यश भारत। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार सुबह राजधानी की सडक़ों पर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अनूठा नजारा देखने को मिला। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुए संडे ऑन साइकिल अभियान में हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने फ्लैग ऑफ कर किया। भारतीय खेल प्राधिकरण और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान को इस बार व्यापक स्वरूप दिया गया। अभियान में खिलाड़ी, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह की ताजगी के बीच साइकिल सवारों का कारवां शहर की प्रमुख सडक़ों से गुजरा और लोगों को नियमित व्यायाम तथा फिटनेस अपनाने के लिए प्रेरित किया। मंत्री सारंग ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण में खेल और शारीरिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।







