देश

विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर

विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर

रातीबड़ के जंगलों में पुलिस और आरोपी आसिफ के बीच मुठभेड़

आरोपी आसिफ ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

भोपाल, यश भारत। राजधानी के चर्चित विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ (शॉर्ट एनकाउंटर) के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रातीबड़ इलाके में हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रातीबड़ में छिपा था आरोपी
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि विजय मेवाड़ा की हत्या का मुख्य आरोपी आसिफ रातीबड़ के सुनसान इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया।
आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली
कमिश्नर के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आसिफ के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुँचाया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आसिफ एक शातिर और आदतन अपराधी है। आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में अब तक 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। कमिश्नर संजय कुमार ने कहा, हम उस हथियार की पूरी चैन ट्रेस कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को हथियार किसने उपलब्ध कराए और वह किसके संपर्क में था।
विजय मेवाड़ा की सरेराह हत्या के बाद से ही शहर में आक्रोश का माहौल था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और एनकाउंटर के बाद आरोपियों के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसिफ के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है ताकि उससे हत्याकांड से जुड़े अन्य राज उगलाए जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button