गोवा से इंदौर आ रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, हाइड्रोलिक सिस्टम फेल

इंदौर, गोवा से इंदौर आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में सोमवार शाम उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार करीब 140 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-758 ने गोवा एयरपोर्ट से दोपहर 3:14 बजे उड़ान भरी थी। इंदौर पहुंचने पर पायलट ने देखा कि विमान के पहियों का हाइड्रोलिक सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा है।
पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और ‘अंडर कैरिज वॉर्निंग’ की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि विमान ने इंदौर के आसमान में लगभग 7 से 8 चक्कर लगाए, ताकि हाइड्रोलिक सिस्टम को ठीक करने का प्रयास किया जा सके या आपातकालीन लैंडिंग की तैयारी की जा सके।
ATC ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रनवे पर फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन अधिकारियों को अलर्ट किया। पूरी तैयारी के साथ, विमान की शाम 5:08 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सकुशल विमान से उतर गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।







