भोपालमध्य प्रदेश

बिजली पोल गिराकर तार चोरी, अज्ञात बदमाशों पर एफआईआर दर्ज

बिजली पोल गिराकर तार चोरी, अज्ञात बदमाशों पर एफआईआर दर्ज

भोपाल यश भारत। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सीहोर जिले में बिजली पोल गिराकर विद्युत लाइन के तार चोरी करने वाले अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घटना में विद्युत अधोसंरचना को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

कंपनी अधिकारियों के अनुसार 4 मई 2026 की मध्य रात्रि में 33/11 केव्ही सतपिपलिया उपकेंद्र से निकलने वाली 11 केव्ही रतनपुर डीएलएफ लाइन पर ग्राम रामनगर से मोलगा के बीच अज्ञात बदमाशों ने 18 विद्युत खंभों को क्षतिग्रस्त कर गिरा दिया। इसके बाद करीब 5 किलोमीटर लंबी 11 केव्ही लाइन के तार चोरी कर लिए गए। घटना के कारण हालियाखेड़ी और मोलगा गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इछावर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश विद्युत अधिनियम की धारा 136(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी ने बताया कि नुकसान की भरपाई और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए तत्काल प्राक्कलन स्वीकृत कर एसटीसी संभाग सीहोर को कार्यादेश जारी किया गया है। मौके पर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने आमजन से विद्युत अधोसंरचना की सुरक्षा में सहयोग की अपील की है। कंपनी ने कहा कि बिजली लाइन और उपकरण राष्ट्र की संपत्ति हैं तथा इनके साथ तोड़फोड़ करना गंभीर अपराध है। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं संदिग्ध गतिविधि या बिजली उपकरणों से छेड़छाड़ दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी बिजली वितरण केंद्र कॉल सेंटर 1912 अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button