भोपाल

सुंदर नगर में दुर्गा उत्सव समिति द्वारा देवी जागरण का आयोजन

सुंदर नगर में दुर्गा उत्सव समिति द्वारा देवी जागरण का आयोजन

भोपाल,यशभारत। पूरे देश में नवरात्रि का पर्व बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। सुंदर नगर की महारानी दुर्गा उत्सव समिति ने मंगलवार को नवरात्रि के चौथे दिन भव्य देवी जागरण का आयोजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों भक्तों ने मां भगवती के दरबार में पहुंचकर श्रद्धा अर्पित की। समिति के मंच पर देश के नामचीन भजन गायक और कलाकार पहुंचे। आचार्य अन्नंत गिरिजी (वृंदावन), मोनिका, अमित दुबे, आदर्श दुबे, प्रह्लाद नामदेव, दीपक मिश्रा, नन्हे भाई, कमलेश रैकवार, आशीष पाठक और जगदीश पटेल ने मां भगवती के गुणगान कर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। मां के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा।

1758885861 c26818b7 0410 4530 9e24 de0ef3327a67

 

इस अवसर पर वृंदावन से पधारे आचार्य अन्नंत गिरिजी ने भक्तों को माता के स्वरूप और उनके नौ रूपों के महत्व पर प्रवचन दिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का समय आध्यात्मिक साधना और आत्मशुद्धि का पर्व है। इस दौरान मां भगवती की भक्ति से सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति प्राप्त होती है। समिति और स्थानीय लोगों ने कलाकारों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। शिवसेना जिला अध्यक्ष कुलदीप तिवारी, शक्ति भारती, अमन तिवारी और समिति के अन्य सदस्यों ने भजन गायकों और आचार्य अन्नंत गिरिजी को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। कुलदीप तिवारी ने बताया कि पिछले दो वर्षों से सुंदर नगर की महारानी दुर्गा उत्सव समिति माता जी की स्थापना कर रही है। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां रोजाना मां भगवती के दरबार में भक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी समिति ने भक्तों के लिए विविध धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए हैं, जिनमें भजन संध्या, देवी जागरण और प्रवचन शामिल हैं।

समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि के समापन पर 2 अक्टूबर को माता जी का हवन और भंडारे का कायक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों भक्तों के आने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button