मध्यप्रदेश में डंपरों के थमे पहिए, ई-चालान के विरोध में मालिकों की प्रदेशव्यापी हड़ताल

मध्यप्रदेश में डंपरों के थमे पहिए, ई-चालान के विरोध में मालिकों की प्रदेशव्यापी हड़ताल
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में ई-गेट चालान प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के विरोध में डंपर मालिकों और संचालकों ने प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते प्रदेशभर में करीब एक हजार डंपरों के पहिए थमने की जानकारी सामने आई है। इसका असर खनिज परिवहन, रेत सप्लाई और निर्माण कार्यों पर पड़ने लगा है। डंपर मालिकों का आरोप है कि ई-गेट चालान प्रणाली के जरिए बिना मौके पर जांच किए वाहनों पर मनमाने तरीके से चालान जारी किए जा रहे हैं। कई ऐसे वाहनों पर भी अवैध खनिज परिवहन के चालान काटे जा रहे हैं, जो लंबे समय से कबाड़ में खड़े हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शिवहरे ने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि उनका डंपर पिछले नौ साल से कबाड़खाने में खड़ा है, इसके बावजूद उस पर अवैध खनिज परिवहन के दो चालान जारी कर 4 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है। डंपर मालिकों की मांग है कि ई-गेट चालान प्रणाली की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर किया जाए और निर्दोष एवं कबाड़ हो चुके वाहनों पर लगाए गए कथित गलत जुर्माने निरस्त किए जाएं।वहीं, जानकारी के अनुसार आंदोलन कर रहे डंपर मालिकों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। फिलहाल इस हड़ताल से प्रदेश में खनिज परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन डंपर मालिकों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।







