मध्य प्रदेशराज्य

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार की घूस लेते पटवारी रंगे हाथों ट्रैप

पुत्रवधू के नाम खरीदी जमीन के नामांतरण के बदले जैसीनगर के पटवारी मानवेंद्र सिंह ने मांगी थी रिश्वत; तिली तिराहे पर लोकायुक्त ने दबोचा

 

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस सागर ने जैसीनगर तहसील के बम्होरी घाट (हल्का क्रमांक-34) में पदस्थ पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त की टीम ने इस ट्रैप कार्रवाई को शुक्रवार को शहर के तिली तिराहा स्थित गणेशपुरम रोड पर अंजाम दिया।

जमीन नामांतरण के एवज में अटकाया था काम

प्राप्त विवरण के अनुसार, तिली वार्ड निवासी फरियादी भगवान दास सोलंकी की पुत्रवधू ने ग्राम कंकर कुइया में 1.4 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी थी। इस जमीन के नामांतरण के लिए तहसीलदार कार्यालय जैसीनगर में आवेदन दिया गया था। लेकिन, प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में हलका पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा 10 हजार रुपये की घूस मांगी जा रही थी। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त ने 8 जून को मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।

केमिकल वाले नोट लेते ही दबोचा, हाथ हुए गुलाबी

शुक्रवार को तय रणनीति के तहत लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही गणेशपुरम रोड पर पटवारी ने फरियादी से रिश्वत की राशि स्वीकार की, सादे कपड़ों में तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए, तो केमिकल के कारण पानी का रंग गुलाबी हो गया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।

 

यह सफल कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक (DG) योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) मनोज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। ट्रैप दल का नेतृत्व लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह और निरीक्षक कमल सिंह उइके ने किया। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button