जंगल में बना नशे का अड्डा! सतना में 28 लाख की कफ सिरप बरामद
महिला के घर से निकला 14 हजार शीशियों का जखीरा

सतना। जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी चोट की है। नागौद थाना क्षेत्र के परसमनिया जंगल अंतर्गत मड़फई गांव में पुलिस ने छापा मारकर करीब 28 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की है। जंगल किनारे स्थित एक मकान से 120 पेटियों में भरी लगभग 14 हजार शीशियां मिलीं, जिन्हें अवैध तस्करी के लिए जमा किया गया था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरी खेप कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ ‘जस्सा’ के नेटवर्क से जुड़ी हुई है। पुलिस के अनुसार, कफ सिरप को पहले अलग-अलग स्थानों पर डंप किया जाता था, फिर पिकअप वाहनों से मड़फई लाकर जंगल के पास बने मकान में छिपाया जाता था।
महिला के घर में चल रहा था नशे का गोदाम
हिरासत में ली गई महिला चौरसिया देवी साकेत के घर को तस्करों ने अस्थायी गोदाम बना रखा था। पुलिस ने जब मकान का ताला खुलवाया, तो अंदर कफ सिरप की पेटियों का बड़ा स्टॉक मिला। पूछताछ में महिला ने बताया कि भुरहरा गांव के मनीष यादव और शैलेंद्र गुप्ता उर्फ टिंकू उसके घर में यह माल रखवाते थे और बदले में उसे रोजाना किराए के तौर पर पैसे देते थे।
पुलिस ने सूचना के आधार पर मनीष और शैलेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
आरोपियों ने बताया कि उन्हें मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से माल की डिलीवरी और आवाजाही के निर्देश मिलते थे। उचेहरा और नागौद क्षेत्र से कफ सिरप की पेटियां उठाकर मड़फई पहुंचाई जाती थीं। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।







