हक की लड़ाई के लिए भोपाल में जुटे ड्राइवर, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

हक की लड़ाई के लिए भोपाल में जुटे ड्राइवर, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
अंबेडकर मैदान में ड्राइवर महासंघ का आह्वान ,भोपाल चलो पेंशन, बीमा और सुविधाओं की मांग
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश ड्राइवर महासंघ के बैनर तले राजधानी भोपाल के अंबेडकर मैदान में बुधवार को प्रदेशभर के ड्राइवरों ने अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इंदौर से आए महासंघ के पदाधिकारियों ने भोपाल चलो का आह्वान करते हुए सभी ड्राइवर संगठनों से एकजुट होकर आंदोलन में सहयोग की अपील की। प्रदर्शन के दौरान ड्राइवरों ने अपनी समस्याओं को मीडिया के सामने रखते हुए कहा कि सड़कों पर लगातार बढ़ रही घटनाओं और जनआक्रोश के बीच ड्राइवर समाज के लिए अलग कानूनी प्रावधान स्वतंत्र धारा बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग, ड्राइवरों के लिए विश्राम गृह और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
महासंघ ने 55 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना लागू करने, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये का बीमा, स्थायी अपंगता की स्थिति में 10 लाख रुपये और इलाज के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि तय करने की मांग रखी। इसके साथ ही ड्राइवरों को द्वितीय श्रेणी सैनिक का दर्जा देने और आवास योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी उठाई गई। ड्राइवर नेताओं ने कहा कि उनके बच्चों के लिए उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था की जाए और ड्राइवरों को प्रशासनिक स्तर पर मान्यता दी जाए। उन्होंने लाइसेंस शुल्क को 15 हजार रुपये से कम करने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान शुल्क गरीब वर्ग के ड्राइवरों के लिए भारी पड़ रहा है। प्रदर्शन में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि सड़कों पर ड्राइवरों के साथ होने वाली लूटपाट और दुर्घटनाओं पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करे ताकि ड्राइवर सुरक्षित माहौल में काम कर सकें।
महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







