महंगाई का डबल अटैक: ईंधन कीमतों में उछाल से घरेलू बजट बिगड़ा
जबलपुर में पेट्रोल-डीजल ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

जबलपुर,यशभारत। वैश्विक युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर दिखाई देने लगा है। महज 24 घंटे की राहत के बाद शहर में एक बार फिर ईंधन की कीमतों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। पेट्रोल के दाम 2.85 रुपए, डीजल 2.79 रुपए और प्रीमियम पेट्रोल 2.85 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई दरें लागू होने के बाद जबलपुर में पेट्रोल 114.53 रुपए, डीजल 99.66 रुपए और प्रीमियम पेट्रोल 124.27 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
लगातार बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट को पूरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत तेजी से बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर भी दिखाई देगा। खासकर डीजल के दाम 100 रुपए के करीब पहुंचने से मालभाड़ा बढ़ना तय माना जा रहा है।
पिछले दस दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 15 मई को पेट्रोल 109.79 रुपए, डीजल 95 रुपए और प्रीमियम 119.53 रुपए प्रति लीटर था। इसके बाद 19 मई को कीमतें बढ़कर पेट्रोल 110.74 रुपए, डीजल 95.93 रुपए और प्रीमियम 120.48 रुपए पहुंच गईं। 23 मई को फिर वृद्धि हुई और पेट्रोल 111.68 रुपए, डीजल 96.87 रुपए तथा प्रीमियम 121.42 रुपए प्रति लीटर हो गया। अब ताजा बढ़ोतरी ने सभी पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने के कारण कीमतों में लगातार अस्थिरता बनी हुई है। यदि यही स्थिति जारी रही तो आने वाले दिनों में सब्जियों, किराना सामान और दैनिक जरूरत की वस्तुओं के दाम भी तेजी से बढ़ सकते हैं। इसका सबसे अधिक असर मध्यमवर्गीय और नौकरीपेशा परिवारों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।







