घरेलू विवाद बना खौफनाक: चिकन करी को लेकर झगड़ा, पत्नी ने पति की हंसिये से हत्या
तेलंगाना के कामारेड्डी कस्बे की घटना

हैदराबाद। तेलंगाना के कामारेड्डी कस्बे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। चिकन करी बनाने को लेकर हुए झगड़े में एक महिला ने अपने पति की हंसिये से हमला कर हत्या कर दी।
हंसिये से वार, मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात 28 वर्षीय महिला ने अपने 35 वर्षीय पति पर घर में ही हंसिये से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि मृतक कबाड़ का काम करता था और शराब की लत के चलते अक्सर पत्नी से विवाद होता रहता था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घरेलू विवाद बना हिंसा की वजह
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दंपति के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो इस बार हिंसक रूप में सामने आया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







