भोपाल

अवैध हथियार खरीद कर बेच रहा था युवा मोर्चा का जिला मंत्री -अवैध हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार, दो दिन की रिमांड पर

अवैध हथियार खरीद कर बेच रहा था युवा मोर्चा का जिला मंत्री
-अवैध हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार, दो दिन की रिमांड पर
भोपाल, यशभारत।
राजधानी में लव जिहाद, एमडी ड्रग्स और अवैध हथियार की तस्करी के मामले में आए दिन बड़े खुलासे हो रहे हं। क्राइम ब्रांच ने कल भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी को अवैध हथियर की खरीद-फरोख्त के मामले में गिरफ्तार किया है। वह अवैध हथियार खरीद कर दूसरे लोगों को बेचता था। आरोपी लव जिहाद और एमडी ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार आरोपियों का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे पूर्व में गिरफ्तार एक आरोपी की निशानदेही पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड पर लिया है।
अतिरिक्ति पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने तुलसी नगर निवासी आरोपी अंशुल उर्फ भूरी(32) को अवैध हथियार की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी अंशुल उर्फ भूरी का हथियार उसके साथी अमन दाहिया ने औबेदुल्लागंज के रहने वाले अंकित कहार को बेचना था। इस मामले में पुलिस अमन और अंकित को पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में पुलिस ने जब आरोपी अंशुल उर्फ भूरी से अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की तो उसने खुलासा करते हुए बताया कि उसने शुभम शर्मा नाम के युवक से पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शुभम शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कल कोर्ट में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। फिलहाल की पूछताछ में आरोपी शुभम ने अवैध हथियार खरीद कर बेचने की बात कबूल की है। अब पुलिस आरोपी से शुभम शर्मा से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने हथियार खरीदे और बेचे हैं, इसके अलावा वह कहां से हथियार खरीद कर लाता था। आरोपी शुभम के खिलाफ पूर्व में भी भोपाल के अलग-अलग थानों में आराधिक केस दर्ज हैं।

युवा मोर्चा का पदाधिकारी है आरोपी शुभम:-
जानकारी के मुताबिक अवैध हथियार की तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुआ आरोपी शुभम शर्मा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का भोपाल में जिला पदाधिकारी है। वर्ष 2022 में उससे विरोध के चलते पंचशील मंडल के अध्यक्ष पद से इस्तिफा लिया गया था। सूत्र बताते हैं कि वह युवा मोर्चा में भोपाल जिला मंत्री है। वह लव जिहाद, ब्लैकमेलिंग, एमडी ड्रग्स की तस्करी के आरोपी शाहवर मछली और यासीन मछली के गुर्गों का करीबी बताया जा रहा है। अवैध हथियार की तस्करी में युवा मोर्चा के पदाधिकारी शुभम शर्मा का नाम आने पर जिले के कई नेताओं ने उससे पल्ला झाड़ लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को इस मामले से दूर रखने के लिए भी जिला स्तर के पदाधिकारियों ने अपने स्तर पर प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। शहर में लगे होर्डिंग में भी आरोपी शुभम शर्मा अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ दिखाई देता रहा है।

इनका कहना है:-
जिस शुभम शर्मा नाम के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वह वर्तमान में युवा मोर्चा के किसी भी पद अथवा दायित्व पर नहीं है। अगर होर्डिंग पर उसके नाम के साथ जिला मंत्री युवा मार्चों लिखा है तो उससे पार्टी को कोई मतलब नहीं है।
रविन्द्र यति, अध्यक्ष जिला भाजपा, जिला भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button