बियर के लिए माँगे पैसे, मना करने पर मारी छुरी; पुलिस ने आरोपी को दबोचा

बियर के लिए माँगे पैसे, मना करने पर मारी छुरी; पुलिस ने आरोपी को दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में अडीबाजी कर जानलेवा हमला करने वाले गिरोह के मुख्य फरार आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर धारदार छुरी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी अरमान मलिक निवासी छोटा चंबल, ऐशबाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने दोस्त को लेने प्रभात चौराहा गया था, तभी आरोपी अरसलान, अलतमश और समीर ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने बियर पीने के लिए 2000 की मांग की। जब अरमान ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी अरसलान ने जान से मारने की नीयत से छुरी से हमला कर दिया, जिससे अरमान के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अरसलान ऐशबाग क्षेत्र में ही कहीं छिपा है और भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी अरसलान (18 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त धारदार छुरी भी बरामद कर ली गई है।







