बेटी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पिता को दी खौफनाक मौत, 4 साल बाद खुला रोंगटे खड़े कर देने वाला राज
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?

बेटी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पिता को दी खौफनाक मौत, 4 साल बाद खुला रोंगटे खड़े कर देने वाला राज
आकाश पाण्डेय। जबलपुर, यश भारत।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बलौदा थाना क्षेत्र में 4 साल पहले हुए एक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही पिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था। हत्या का मकसद जमीनी विवाद और बेटी के लव अफेयर का विरोध था।
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
यह घटना 8 नवंबर, 2020 की है। मृतक भूखल रोहिदास शराब बेचने का काम करता था और उसका अपनी बेटी रजनी के साथ अक्सर जमीनी बंटवारे और उसके बॉयफ्रेंड राजा बाबू के साथ रहने को लेकर विवाद होता था। रजनी ने इन सब बातों से परेशान होकर अपने बॉयफ्रेंड राजा बाबू और उसके दोस्त पुरुषोत्तम के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची।
हत्या वाले दिन, तीनों आरोपी भूखल को पल्सर बाइक पर बैठाकर बिछलवा नरवा और छाता जंगल के पास ले गए। वहां उन्होंने पहले भूखल को शराब पिलाई और फिर उसमें चूहा मारने की दवा मिलाकर पिला दी। जब भूखल बेहोश होने लगा, तो उन्होंने पत्थर से उसका सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, शव की पहचान मिटाने के लिए उन्होंने पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
4 साल बाद कैसे खुला हत्या का राज?
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस चकरभाठा थाना के हिर्री इलाके में हुए एक अन्य हत्याकांड, जिसमें साहिल पाटले की हत्या हुई थी, की जांच कर रही थी। इस जांच के दौरान पुलिस ने राजा बाबू खूंटे को गिरफ्तार किया। साहिल की हत्या भी सरोजिनी बाई नामक एक महिला ने करवाई थी, जिसने राजा बाबू को धमकाया था कि अगर वह साहिल को नहीं मारेगा तो वह पुलिस को भूखल रोहिदास की हत्या का सच बता देगी।
पुलिस की गहन पूछताछ में राजा बाबू ने साहिल और भूखल दोनों की हत्या में शामिल होने का गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि भूखल की हत्या में उसकी बेटी रजनी और पुरुषोत्तम भी शामिल थे। पुलिस ने रजनी को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।







