रानी कमलापति स्टेशन पर क्राइम ब्रांच की दबिश

रानी कमलापति स्टेशन पर क्राइम ब्रांच की दबिश
9 किलो से अधिक गांजे के साथ झांसी का तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी की क्राइम ब्रांच पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 9.570 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। जप्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर 5 स्थित पार्सल ऑफिस के पास एक संदिग्ध युवक नीले रंग के ट्रॉली बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर हुलिए के आधार पर युवक को हिरासत में लिया।
उड़ीसा से जुड़ा है तस्करी का नेटवर्क
पकड़े गए आरोपी की पहचान आयुष शिवहरे निवासी झांसी के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से खाकी टेप में लिपटे हुए 10 पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा भरा था। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि वह उड़ीसा के रास्ते गांजा लाता था और भोपाल सहित अन्य राज्यों में इसकी बड़ी खेप सप्लाई करता था।






