मनुआभान टेकरी पर दंपति से चाकू की नोक पर लूट, 5 आरोपी गिरफ्तार

मनुआभान टेकरी पर दंपति से चाकू की नोक पर लूट, 5 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यसभारत। राजधानी के थाना कोहेफिजा अंतर्गत पर्यटन स्थल मनुआभान टेकरी पर शाम घूमने आए एक युवक और उनकी महिला मित्र को चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले 5 शातिर बदमाशों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवरात, आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा मोपेड व चाकू सहित कुल 6 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर की शाम करीब 8:30 बजे गोविंद गार्डन अशोका गार्डन निवासी हर्ष शर्मा अपनी महिला मित्र के साथ मनुआभान टेकरी पर रेस्टोरेंट के पीछे बैठे थे। तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने वहां पहुंचकर हर्ष से आईफोन 15 प्रो छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और सोने की चेन, पैंडल, कान के टॉप्स तथा 4 हजार रुपये नकद लूटकर चंपत हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस आयुक्त के निर्देशों पर डीसीपी जोन-03 आशुतोष गुप्ता, एडीसीपी शालिनी दीक्षित व एसीपी अनिल वाजपेयी के नेतृत्व में 6 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने करौंद, शिव शक्ति नगर और नवजीवन नगर में दबिश देकर आरोपी संदीप विश्वकर्मा उर्फ खेडा (20), संदीप उर्फ संसू सोनी (22), कबीर पाल (20), दुर्गा कुशवाह (26) और कुलदीप यादव (26) को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में से कई का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।







