जबलपुर हाउसिंग बोर्ड में भ्रष्टाचार: अधिकारी अमन कोष्ठा 10,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जबलपुर: जबलपुर हाउसिंग बोर्ड के संजीवनी नगर स्थित कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी अमन कोष्ठा को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
नामांतरण के लिए मांगी थी रिश्वत
फरियादी हाकम साहू ने अपने महाराजपुर स्थित मकान का नामांतरण कराने के लिए आवेदन दिया था। इस काम के लिए अधिकारी अमन कोष्ठ ने उनसे 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर हाकम साहू ने इसकी शिकायत लोकायुक्त संगठन से की।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंजूलता पटले के निर्देश पर टीआई जितेंद्र यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। बुधवार को योजना बनाकर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही अमन कोष्ठ ने फरियादी से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे संजीवनी नगर कार्यालय में ही दबोच लिया।
कानूनी कार्रवाई जारी, जांच के दायरे में अन्य अधिकारी भी
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम जब्त कर ली है। अमन कोष्ठ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या यह सिर्फ अमन कोष्ठा का अकेला मामला है या हाउसिंग बोर्ड के भीतर कोई बड़ा रिश्वत का रैकेट चल रहा है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।







