
नई दिल्ली,ईएमएस। देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 20 दिन में केसों की संख्या में 53 गुना की बढ़ोतरी हुई है। 16 मई को देशभर में कोविड के 93 एक्टिव केस थे, जिनकी संख्या अब 4866 पहुंच गई है।
कोरोना देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल गया है। हर दिन 500 से ज्यादा केस बढ़ रहे हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1487 मामले हैं। इसके बाद दिल्ली में 562, पश्चिम बंगाल में 538, महाराष्ट्र में 526 और गुजरात में 508 एक्टिव केस हैं।
कोरोना के नए वैरिएंट्स से जनवरी से अब तक 52 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 50 की मौत 15 दिनों में हुई हैं। गुरुवार को दिल्ली में कोविड से दो और मौतें दर्ज की गईं। इनमें एक पांच महीने का बच्चा भी शामिल है। वहीं, बेंगलुरु में भी एक 65 साल के बुजुर्ग की कोरोना से जान चली गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं।
कोरोना को लेकर राज्यों में मॉक ड्रिल हुई
केंद्र सरकार गुरुवार को देश भर के राज्यों के चुनिंदा अस्पतालों में मॉक ड्रिल हुई। इस दौरान इन अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई, जरूरी दवाओं की स्थिति और वेंटिलेटर की व्यवस्थाओं को परखा गया। इससे बनी रिपोर्ट में कोरोना की चौथी लहर आने की स्थिति में अस्पतालों की तैयारियों पर रेटिंग दी जाएगी।
इससे पहले 2 जून को एक शुरुआती मॉक ड्रिल हुई थी। इसमें हेल्थ सर्विस इन्फ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता के लिए अस्पतालों की रेटिंग दी गई थी। इसमें लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंक, प्रेशर स्विंग एडजॉर्पशन प्लांट और मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम पर फोकस किया गया था।







