किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, सरकार पर लापरवाही के आरोप गेहूं खरीदी में देरी से नाराजगी, सीएम के नाम ज्ञापन देकर रखीं प्रमुख मांगें

। किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर एवं ग्रामीण ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गेहूं खरीदी की तारीखें बार-बार बदलने और खरीदी केंद्र समय पर शुरू नहीं होने से किसान गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। नेताओं का कहना है कि एक ओर सरकार किसानों से ऋण वसूली का दबाव बना रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी फसल की खरीदी और भुगतान में देरी हो रही है। इस स्थिति में किसान अपनी उपज कम दामों पर बेचने को मजबूर हैं, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ रहा है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समय पर गेहूं खरीदी शुरू करने, किसानों को उचित समर्थन मूल्य दिलाने और ऋण वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।







