कॉलेज बना जंग का अखाड़ा, ABVP-MPSU कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट
जमकर चले लाठी-डंडे,आधा दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता घायल

जबलपुर,यशभारत।ओमती थाना क्षेत्र स्थित शासकीय कलानिकेतन पॉलिटेक्निक कॉलेज में मंगलवार की दोपहर दो छात्र गुटों ने एक-दूसरे पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया।दरअसल एबीवीपी के सदस्यता अभियान के दौरान कुछ ऐसे हालात बने की एमपीएसयू और एबीवीपी संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच लाठी डंडे चलने की नौबत आ गई. दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर जमकर हमला किया. इस मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए.घायलों को पुलिस कर्मियों ने अस्पताल पहुंचाकर दोनों गुटों के सदस्यों को समझाइश देकर मामले को शांत करवाया। वहीं कॉलेज परिसर एवं बाहर भी पुलिस की तैनाती की गई है ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो सके। दोनों संगठनों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाते रहे। कॉलेज में अध्ययनरत अन्य छात्र-छात्राओं में बवाल के बाद दहशत व्याप्त है।
एमपीएसयू संगठन का आरोप
जानकारी के मुताबिक एबीवीपी संगठन कॉलेज में सदस्यता अभियान चला रहा था. इसमें छात्रों को एबीवीपी संगठन का सदस्य बनाया जा रहा था. वहीं एमपीएसयू संगठन का आरोप है कि एबीवीपी के पदाधिकारी कॉलेज में उनके कार्यकर्ताओं को दबाव देकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का सदस्य बनाने का प्रयास कर रहे थे.
एबीवीपी का आरोप
एबीवीपी के प्रदेश मंत्री माखन शर्मा का आरोप है कि लम्बे समय से पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में एमपीयूएस से जुड़े कुछ लोगों द्वारा गांजा एवं ड्रग्स की खुलेआम बिक्री की जा रही थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बहरहाल दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंचा. ओमती थाने में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एमपीएसयू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस एवं एबीवीपी के प्रदेश मंत्री ने बताया कि घटना में एबीवीपी के 5 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें राहुल सिंह ठाकुर, पृथ्वी सोनकर, सार्थक कोरी, मयंक विनोदिया एवं लखन मांझी शामिल हैं। इनमें से 2 के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, वहीं अन्य को भी कंधों, सिर एवं पैरों में चोटें पहुंची हैं। सभी घायलों को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







