कलेक्टर के निर्देश: मेट्रो परियोजना के लिए मिशन मोड में होगा भूमि अधिग्रहण, विवाद रहित क्षेत्रों में निर्माण कार्य तेज करने को कहा

कलेक्टर के निर्देश: मेट्रो परियोजना के लिए मिशन मोड में होगा भूमि अधिग्रहण, विवाद रहित क्षेत्रों में निर्माण कार्य तेज करने को कहा
भोपाल, यशभारत। राजधानी में मेट्रो रेल परियोजना के कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने परियोजना की समीक्षा करते हुए भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर और त्वरित गति से निराकृत करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर भूमि को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है, वहाँ मेट्रो कंपनी निर्माण कार्यों की गति को तत्काल बढ़ाए ताकि तय लक्ष्य के अनुसार काम पूरा हो सके।
कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि मेट्रो परियोजना के लिए चिन्हित भूमि का सीमांकन जल्द पूरा कर उसे कंपनी को सौंपना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान उन्होंने धारा 19 के अंतर्गत चल रही भू-अर्जन की कार्यवाही की भी समीक्षा की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जहाँ कहीं भी भूमि संबंधी कानूनी या व्यावहारिक विवाद उत्पन्न हो रहे हैं, उन प्रकरणों को सीधे उनके संज्ञान में लाया जाए ताकि उनका तत्काल समाधान कर काम को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
परियोजना की बाधाओं को दूर करने के क्रम में एमआईडीसी, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मेट्रो मार्ग में आ रही आरा मशीनों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करें। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में ऑरेंज लाइन के तहत सुभाष नगर से एम्स तक के कॉरिडोर पर फोकस किया जा रहा है, वहीं भदभदा डिपो से रत्नागिरी तिराहे तक प्रस्तावित ब्लू लाइन रूट की तैयारियों को भी गति दी जा रही है।







