5वीं-8वीं का रिजल्ट जारी, छात्राओं ने मारी बाजी – क्यूआर कोड से भी देख सकेंगे परिणाम, प्रक्रिया बनी आसान

5वीं-8वीं का रिजल्ट जारी, छात्राओं ने मारी बाजी
– क्यूआर कोड से भी देख सकेंगे परिणाम, प्रक्रिया बनी आसान[ez-toc]
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने बुधवार को कक्षा 5वीं और 8वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने वल्लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर रिजल्ट जारी किया।
जारी परिणामों के अनुसार इस वर्ष दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम संतोषजनक रहा है। कक्षा 5वीं में 95.14 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि कक्षा 8वीं में 93.83 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
परिणामों में इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया। कक्षा 5वीं में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.19 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 94.15 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी प्रकार कक्षा 8वीं में छात्राओं का परिणाम 94.98 प्रतिशत रहा, जबकि 92.74 प्रतिशत छात्र सफल हुए।
इस बार परिणाम देखने की प्रक्रिया को और अधिक सरल और तकनीकी रूप से उन्नत बनाया गया है। छात्र एवं अभिभावक राज्य शिक्षा केंद्र के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर परिणाम देख सकते हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर भी सीधे अपना रिजल्ट प्राप्त किया जा सकता है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार डिजिटल माध्यमों के उपयोग से परिणाम देखने में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं। वहीं अच्छे परीक्षा परिणामों से विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।







