भोपालमध्य प्रदेश

जनगणना ड्यूटी का असर: मप्र में 58 हजार शिक्षकों के ट्रांसफर फरवरी 2027 तक होल्ड

जनगणना ड्यूटी का असर: मप्र में 58 हजार शिक्षकों के ट्रांसफर फरवरी 2027 तक होल्ड

स्कूल शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला; गड़बड़ियां रोकने के लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर अपलोड होगा एक-एक टीचर का ब्योरा, मृत और रिटायर शिक्षकों के नाम हटेंगे

भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश के सरकारी शिक्षकों के तबादलों का इंतजार कर रहे हजारों कर्मचारियों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश के करीब 58 हजार शिक्षकों के ट्रांसफर पर फिलहाल पूरी तरह से रोक लगा दी है। लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी ताजा निर्देशों के अनुसार, अब फरवरी 2027 तक इन शिक्षकों के तबादले नहीं किए जा सकेंगे। इस अवधि के बीत जाने के बाद ही विभाग द्वारा अलग से नई ट्रांसफर नीति लागू करने पर विचार किया जाएगा।

जनगणना ड्यूटी बनी बड़ी वजह
आयुक्त कार्यालय से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह रोक उन 58 हजार शिक्षकों पर लागू होगी, जिनकी ड्यूटी आगामी जनगणना (Census) कार्य में लगाई गई है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में कोई बाधा न आए, इसीलिए सरकार ने फरवरी 2027 तक इनके स्थानांतरणों को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

1 जून तक पोर्टल पर दर्ज होगा पूरा कच्चा-चिट्ठा
तबादलों में होने वाली किसी भी प्रकार की गड़बड़ी और विसंगतियों को रोकने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने एक नई पहल की है। अब हर स्कूल में कार्यरत एक-एक शिक्षक का विषयवार और स्कूलवार पूरा ब्योरा ‘एजुकेशन पोर्टल 3.0’ पर ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। इसके लिए 1 जून 2026 की डेडलाइन तय की गई है। इस कड़े कदम के तहत सूची में से उन शिक्षकों के नाम अनिवार्य रूप से हटाने के निर्देश दिए गए हैं, जो या तो रिटायर हो चुके हैं या जिनका निधन हो चुका है।

30 मई को DPI आयुक्त करेंगे जिलेवार समीक्षा
पोर्टल पर डेटा अपलोडिंग के इस काम की मॉनिटरिंग खुद उच्च स्तर पर की जा रही है। 30 मई को लोक शिक्षण (DPI) आयुक्त स्वयं जिलेवार समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें हर जिले की प्रगति रिपोर्ट जांची जाएगी।

एक जून से बाकी विभागों में खुलेगा तबादलों का पिटारा
जहाँ एक तरफ 58 हजार शिक्षकों को लंबा इंतजार करना होगा, वहीं राज्य के अन्य सरकारी विभागों में ट्रांसफर का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी ट्रांसफर पॉलिसी 2026 के तहत 1 जून से 15 जून तक तबादलों का दौर चलेगा। सभी विभागों में अधिकारी-कर्मचारियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।

पुलिस विभाग में 5 जून तक तबादले: पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि कॉन्स्टेबल से लेकर सब इंस्पेक्टर (SI) स्तर तक के अधिकारियों के ट्रांसफर 5 जून तक पूरे कर लिए जाएंगे।

स्वास्थ्य मिशन में 2 जून आखिरी तारीख: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने संविदा कर्मचारियों के ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन बुलाए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 2 जून तय की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button