रिजल्ट बिगड़ने से दुखी छात्रा ने दी जान, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

रिजल्ट बिगड़ने से दुखी छात्रा ने दी जान, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
हबीबगंज पुलिस मामले की जांच में जुटी, मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में एक 17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का दावा है कि छात्रा कक्षा 10वीं का परिणाम खराब होने के कारण पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
माता-पिता काम पर गए थे, पीछे से उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, 6 नंबर स्टॉप स्थित शिवाजी नगर निवासी मोनिका रायकवार (17) पुत्री रामकृष्ण रायकवार के माता-पिता मंगलवार को अपने-अपने काम पर गए थे। पिता सरकारी कर्मचारी हैं और मां निजी संस्थान में कार्यरत हैं। शाम को जब माता-पिता घर लौटे, तो उन्होंने बेटी को फंदे से लटका पाया। उस वक्त मोनिका की सांसें चल रही थीं, जिस पर परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान बुधवार तड़के उसने दम तोड़ दिया।
जांच के घेरे में अन्य पहलू
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने शुरुआती बयानों में बताया कि 10वीं का रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक न आने से मोनिका काफी दुखी थी और इसी अवसाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस केवल रिजल्ट की बात को ही आधार नहीं मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि वे अन्य संभावित पहलुओं और ‘प्रेम-प्रसंग’ के एंगल पर भी जांच कर रहे हैं ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।
बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद मोनिका का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि वह छात्रा के मोबाइल फोन और दोस्तों से भी पूछताछ कर सकती है ताकि यह पता चल सके कि क्या वह किसी अन्य बात को लेकर भी परेशान थी।







