कमला नेहरू अस्पताल की छत की सीलिंग टूटी, टपक रहा पानी, गंदगी और बदबू से मरीज परेशान

कमला नेहरू अस्पताल की छत की सीलिंग टूटी, टपक रहा पानी, गंदगी और बदबू से मरीज परेशान
भोपाल, यश भारत। राजधानी के कमला नेहरू अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों और उनके परिजनों को इन दिनों अव्यवस्थाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की छत की सीलिंग कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के कारण अस्पताल के अंदर भी नमी और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। मरीजों के लिए बनाए गए हिस्सों में ऐसी स्थिति होने से संक्रमण और फिसलन का खतरा भी बना रहता है।
अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर गंदगी दिखाई देने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर नियमित सफाई और स्वच्छ वातावरण की जरूरत होती है, लेकिन यहां कई हिस्सों में स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। कचरा और गंदगी के कारण वातावरण प्रभावित हो रहा है।
ओपीडी और वार्डों के आसपास दुर्गंध की शिकायत भी सामने आ रही है। इलाज और जांच के लिए आने वाले मरीजों को लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ता है, ऐसे में बदबूदार वातावरण उनके लिए असुविधाजनक बना हुआ है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में इलाज की सुविधा के साथ साफ-सफाई और भवन की मरम्मत पर भी नियमित ध्यान दिया जाना चाहिए। क्षतिग्रस्त सीलिंग की समय पर मरम्मत नहीं होने से समस्या बढ़ती जा रही है। पानी टपकने की स्थिति में अस्पताल के उपकरणों और अन्य संसाधनों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।







