होटल संचालक से वसूली और युवक को फंसाने की धमकी का मामला गरमाया,TI समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग, SP और SDOP की भूमिका की जांच के निर्देश

जबलपुर,यश भारत। होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपए की कथित वसूली और युवक को गांजा रखकर एनडीपीएस एक्ट में फंसाने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने टीआई सतीश तिवारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं एसपी कृष्ण लालचंदानी और एसडीओपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी को सौंपी गई है। मामले को लेकर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी पिछले दो महीने से हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे। उनका दावा है कि अक्टूबर में टीआई को 20 हजार रुपए भी दिए थे। रकम नहीं देने पर होटल बंद कराने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी। वहीं 13 नवंबर को होटल में ठहरे युवक-युवती के मामले में पुलिस पर युवक के बैग में गांजा रखकर एनडीपीएस एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है। होटल के साउंड रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे में बातचीत कैद हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।






