देश

उत्तरप्रदेश में ट्रक से भिड़ंत के बाद बस में लगी आग, अब तक तीन की मौत, 23 गंभीर

बिजली के तारों से बस में आग लगी

बलरामपुर,एजेंसी। मंगलवार सुबह बलरामपुर कोतवाली देहात क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर बड़ा हादसा हो गया। हादसे में सोनौली से दिल्ली लेकर आ रही निजी बस की भिड़ंत एक मालवाहक ट्रक से हो गई। टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा करीब 25 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल टीम ने रेस्‍क्‍यू अभ‍ियान चलाया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिलकर उनकी स्थिति जानी तथा बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट बस सोनौली से शहर होते हुए फुलवरिया चौराहे पर दिल्ली जा रही थी। यह गोंडा की ओर बढ़ी थी तभी दूसरी तरफ फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर से आ रहा ट्रक बस के बीचोंबीच टकरा गया। इससे बस सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। ट्रांसफार्मर में बिजली के तारों के छूने से बस में आग लगी और फिर ट्रक में भी आग लग गई। बस में सवार काफी यात्री झुलस गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button