अमरनाथ यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं की बस 50 फीट गहरी खाई में गिरी, 40 यात्री घायल
श्रीनगरयश भारत।

अमरनाथ यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं की बस 50 फीट गहरी खाई में गिरी, 40 यात्री घायल
श्रीनगरयश भारत। अमरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के श्रद्धालुओं की बस मंगलवार सुबह जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में हादसे का शिकार हो गई। अनियंत्रित होकर बस करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि नीचे बने एक मकान से टकराकर बस रुक गई, जिससे वह सिंध नदी में गिरने से बच गई। यदि बस नदी में गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, बस बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही थी। हादसा गांदरबल जिले के गुंड क्षेत्र में हरिगनीवान के एस-मोड़ पर हुआ, जहां चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी और एक मकान पर जाकर रुकी। हादसे में मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसने बस को नदी में बहने से रोक दिया।
दुर्घटना में बस में सवार सभी 40 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







