भोपाल में सूने मकानों पर चोरों का धावा: मिसरोद और निशातपुरा में लाखों के जेवर चोरी

भोपाल में सूने मकानों पर चोरों का धावा: मिसरोद और निशातपुरा में लाखों के जेवर चोरी
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में चोरों के हौसले बुलंद हैं। मिसरोद और निशातपुरा थाना क्षेत्रों में अज्ञात चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सिलसिलेवार दो चोरियां
मिसरोद थाना इलाके के विनायक सिटी फेस 4 निवासी बलीराम पाटनकर 21 अक्टूबर को काम के सिलसिले में शहर से बाहर गए थे। जब वे 27 अक्टूबर को वापस लौटे, तो उन्हें मकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थी। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे।
इसी तरह, निशातपुरा इलाके के 106 विनायक वैली, करोद निवासी राजेन्द्र मीना 25 अक्टूबर को किसी निजी काम से बाहर गए थे। वापस आने पर उन्हें अपने घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर छानबीन करने पर पता चला कि घर से सोने के जेवरात, कीमती सामान और कुछ नगदी गायब है।
दोनों पीड़ितों की शिकायत के बाद, संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।






