देश

दिल्ली से सिलिगुड़ी तक दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, 20 घंटे का सफर सिमटकर होगा 6 घंटे

बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दो हाईस्पीड रेल मार्गों का हिस्सा होगा

नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी तक नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की घोषणा की है। मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल परियोजना के बाद इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा। यह हाईस्पीड कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ेगा।

प्रस्तावित दिल्ली-सिलिगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दो हाईस्पीड रेल मार्गों का हिस्सा होगा। इसमें पहला खंड दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड कॉरिडोर और दूसरा वाराणसी-पटना-सिलिगुड़ी हाईस्पीड कॉरिडोर शामिल होगा। केंद्र सरकार ने इस परियोजना को प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल किया है।

इस बुलेट ट्रेन का संभावित रूट नई दिल्ली, नोएडा (जेवर एयरपोर्ट), मथुरा, आगरा, इटावा, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, पटना और सिलिगुड़ी से होकर गुजरेगा। भविष्य में इसे गुवाहाटी तक विस्तारित किए जाने की भी संभावना जताई गई है।

वर्तमान में दिल्ली से सिलिगुड़ी तक राजधानी और दुरंतो जैसी ट्रेनों से यात्रा करने में करीब 18 से 20 घंटे का समय लगता है। बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद लगभग 1500 किलोमीटर की यह दूरी महज 6 से 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी। प्रस्तावित ट्रेन की गति 250 से 300 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी।

कोलकाता दौरे के दौरान रेल मंत्री ने पश्चिम बंगाल में करीब एक लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं को गति देने की भी घोषणा की। माना जा रहा है कि यह परियोजना पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में यातायात और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button