5 साल की मासूम से दरिंदगी: हबीबगंज में 75 वर्षीय बुजुर्ग एडवोकेट गिरफ्तार,

5 साल की मासूम से दरिंदगी: हबीबगंज में 75 वर्षीय बुजुर्ग एडवोकेट गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद ही संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक 75 वर्षीय बुजुर्ग एडवोकेट ने 5 साल की किंडरगार्डन छात्रा के साथ दुष्कर्म और छेड़खानी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 3 मई की है। पीड़िता के पिता डिफेंस ऑफिसर हैं। आरोपी अपनी बेटी और नातिन के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि आरोपी की नातिन के साथ ही पड़ोस में रहने वाली डिफेंस ऑफिसर की बच्ची भी खेला करती थी। घटना वाले दिन बच्ची खेलने के लिए आरोपी के घर पहुंची थी। इस दौरान आरोपी बच्ची को एक कमरे में ले गया और उसके साथ गलत हरकत को अंजाम दिया।
इस तरह हुआ वारदात का खुलासा
घर लौटने के बाद रात में बच्ची ने अपनी मां से प्राइवेट पार्ट में दर्द की शिकायत की। मां ने जब जांच की तो वहां खरोंच के निशान मिले। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को डॉक्टर को दिखाया, जहाँ डॉक्टर ने बच्ची के साथ गलत काम किए जाने की आशंका जाहिर की। इसके बाद परिजन सीधे हबीबगंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कार्रवाई और कबूलनामा
हबीबगंज थाना पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन बाद में उसने बच्ची के साथ छेड़खानी और गलत हरकत करने की बात स्वीकार कर ली है।







