
यशभारत। महाराष्ट्र के नागपुर में बड़े हादसे की खबर सामने आई है। नागपुर बाजारगांव स्थित सोलर इंडस्ट्रीज में विस्फोट हुआ है, जिसमें 1 मजदूर की मौत हो गई है और कई घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर पुलिस और बचाव दल पहुंच गए हैं। यह ब्लास्ट बीती रात हुआ है। खबर के मुताबिक, धमाका होने से पहले कंपनी में 900 से ज्यादा लेबर काम कर रहे थे। धमाका इतना तेज था कि विस्फोटक संयंत्र पूरी तरह नष्ट हो गया है।
सोलर कंपनी के जनरल मैनेजर आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विस्फोट रात लगभग 12:35 बजे हुआ था। इसमें सिस्टम की खराबी की बात सामने आ रही है। फिलहाल, जांच चल रही है और ज्यादा तभी साफ हो पाएगा। इस हादसे में घायल कर्मचारी ने बताया कि घटना बीती रात को हुई। इस घटना के बाद रिएक्टर से धुआं निकलते जब सभी ने देखा, तो हम सब बाहर आ गए। इस धमाके की वजह से करीब 40-50 लोग घायल हो गए हैं।
दिसंबर 2023 में भी हुआ था ब्लास्ट
धमाके के बाद फैक्ट्री के गेट पर भीड़ जमा हो गई। सुबह तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सोलर ग्रुप के बाज़ारगांव संयंत्र में दो साल में यह दूसरा विस्फोट है। दिसंबर 2023 में भी यहां धमाके हुए थे। तब ब्लास्ट में 9 कर्मचारी मारे गए थे।







