बाइक सवार लुटेरे ने महिला का मोबाइल छीना -अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

बाइक सवार लुटेरे ने महिला का मोबाइल छीना
-अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
भोपाल, यशभारत।
राजधानी में बाइक सवार लुटेरे लगातार लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अयोध्या नगर इलाके में बाइक सवार बदमाश ने एक महिला के हाथ से मोबाइल छीन लिया। वारदात के वक्त महिला मोबाइल पर रील देखते हुए सब्जी मार्केट जा रही थी। पुलिस ने कल महिला की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किय है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हेडकांस्टेबल ब्रजेश सिंह ने बताया कि मूलत: जिला सागर की रहने वाली सीमा विश्वकर्मा पति बालकिशन(35) अपने पति के साथ सर्वेंट क्वाटर जे-सेक्टर अयोध्या नगर में रहती है और पति के साथ जेके रोड पर चाउमीन, नूडल्स का ठेला लगाती है। गत 9 सितंबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने घर से पैदल सब्जी खरीदने मार्केट जा रही थी। उस वक्त वह अपने मोबाइल पर रील देखते रही थी। जब वह जे-सेक्टर स्थित मकान नंबर-28 के सामने पहुंची, तभी पीछे से आए बाइक सवार एक बदमाश ने महिला के हाथ से मोबाइल छीना और फरार हो गया। अंधेरा होने के कारण महिला बाइक का नंबर और बदमाश का हुलिया नहीं देख पाई। लूट की वारदात के बाद महिला थाने पहुंची, लेकिन मोबाइल खरीदने का बिल न होने के कारण वह वापस घर लौटी और मंगलवार को बिल लेकर थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।







